NRI दूल्हे का ख्वाब दिखा युवतियों को ठग रहे थे नाइजीरियाई नागरिक, अब तक हड़पी 2 करोड़ की रकम; गिरफ्तार
NRI दूल्हे का ख्वाब दिखा युवतियों को ठग रहे थे नाइजीरियाई नागरिक
Faridabad एनआरआई दूल्हे का ख्वाब दिखाकर मेट्रीमोनियल साइट के जरिये ठगने वाले गिरोह का साइबर थाना सेक्टर-17 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दो नाइजीरियाई नागरिकों सहित गिरोह के तीन सदस्यों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
फरीदाबाद । युवतियों को एनआरआई दूल्हे का ख्वाब दिखाकर मेट्रीमोनियल साइट के जरिये ठगने वाले गिरोह का साइबर थाना सेक्टर-17 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दो नाइजीरियाई नागरिकों सहित गिरोह के तीन सदस्यों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों में नाइजीरियाई नागरिक एंथनी ओबयोरा और ओबिन्ना यूजीन के अलावा राहुल नारंग शामिल है।
तीनों उत्तम नगर दिल्ली के रहने वाले हैं। इस गिरोह में अभी और भी लोग शामिल हो सकते हैं। साइबर थाना पुलिस उनकी तलाश कर रही है। यह गिरोह देशभर में 70 से अधिक युवतियों से करीब दो करोड़ रुपये हड़प चुका है। ठगी नाइजीरियाई नागरिक करते थे। राहुल नारंग उन्हें सिम व बैंक खाते उपलब्ध कराता था।
मेट्रीमोनियल साइट से चुनते थे टारगेट
डीसीपी सेंट्रल पूजा वशिष्ठ द्वारा की गई प्रेस कान्फ्रेंस में बताया गया कि नाइजीरियाई नागरिकों ने विभिन्न मेट्रीमोनियल साइट पर अपनी प्रोफाइल बनाई हुई हैं। आरोपित इंटरनेट से भारतीय युवकों के फोटो चुराकर उन्हें प्रोफाइल में प्रयोग करते थे। प्रोफाइल में ये खुद को लंदन, अमेरिका, आस्ट्रेलिया जैसे देशों के नागरिक और वहां के बड़े बिजनेसमैन, डाक्टर या इंजीनियर बताते थे।
जैसे ही कोई महिला इनकी प्रोफाइल को पंसद करती तो ये उससे अंग्रेजी में बात करना शुरू कर देते। बातों ही बातों में मोबाइल नंबर लेकर युवती को विश्वास दिला देते कि वह शादी के लिए तैयार है। इसके बाद मिलने के लिए भारत आने की बात कहते। कुछ दिन बाद युवती को फोन करके बताते कि विदेश से आते समय मुंबई या दिल्ली एयरपोर्ट पर फंस गए हैं।
फरीदाबाद की युवती से ठगे 10 लाख
साथ ही यह भी कहते कि उनके पास काफी सोना और डालर हैं, इस कारण एयरपोर्ट पर उन्हें रोका गया है। फिर सहायता मांगने के बहाने युवती से रुपये हड़पना शुरू कर देते थे। साइबर थाना प्रभारी सतीश कुमार के अनुसार आरोपितों ने कुछ दिन पहले फरीदाबाद की एक युवती से इसी तरह 10.52 लाख रुपये हड़प लिए थे। युवती की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
मोबाइल नंबरों की डिटेल निकाले हुए साइबर थाना पुलिस आरोपितों तक पहुंच गई। आरोपितों के पास से पुलिस ने 22 मोबाइल, 58 सिम, 20 हजार रुपये, लैपटाप बरामद किया है। बरामद 58 सिम में से 31 विदेशी व 27 भारतीय सिम हैं। आरोपितों को चार दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान पूछताछ में यह जानकारी सामने आएगी कि जिन 70 युवतियों को ठगा गया है, वो किस-किस शहर की रहने वाली हैं।
अन्य साथियों का पता लगाएगी पुलिस
आरोपित ठगी के सारे रुपये बिटकाइन में बदलकर नाइजीरिया भेज देते थे। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि यह डेटिंग एप के द्वारा विदेशी महिलाओं के साथ भी ठगी कर कर चुके हैं। पुलिस आरोपितों के अन्य साथियों का भी पता लगाएगी।
Comments are closed.