अपराध

कुत्ते के काटने के डर से नाले में गिरा किशोर, मौत

By अपनी पत्रिका

September 10, 2015

पत्रिका संवाददाता, नई दिल्ली। गोकलपुरी इलाके में कुत्ते से डरकर एक किशोर नाले में गिर गया। इसमें डूबकर उसकी मौत हो गई। किशोर की पहचान आल मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप कर पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, आल मोहम्मद परिवार के साथ सी – ब्लॉक 25 फुटा रोड, चांद बाग में रहता था। वह इलाके की एक फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस के अनुसार आल मोहम्मद जब फैक्ट्री जा रहा था तभी उसके पीछे एक कुत्ता पड़ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार कुत्ते से बचने के लिए वह तेजी से दौड़ने लगा, जब उसे लगा कि कुत्ता एकदम नजदीक आ गया तब वह बचने के लिए पास से गुजर रहे नाले की दीवार पर चढ़ गया। दीवार पर उसके पैर का संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में जा गिरा।

चूंकि उसे तैरना नहीं आता था। इससे वह नाले के कीचड़ में फंस गया और डूबने लगा। यह स्थिति देख आसपास के लोग नाले के पास जमा हो गए, लेकिन कोई नाले में नहीं उतरा। घटना की सूचना पुलिस व दमकल को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर किशोर को बाहर निकाला। उसे गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है बुधवार सुबह जब आल मोहम्मद काम पर जा रहा था तो वह घर वालों से बोल कर गया था कि अब वह काम से नहीं लौटेगा। परिजनों ने इसे उसके गुस्से का इजहार माना था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि मौत आल मोहम्मद का इंतजार कर रही है।

दरअसल, आल मोहम्मद का बुधवार को काम पर जाने का मन नहीं था। इस वजह से जब घर वालों ने उसे काम पर जाने के लिए कहा था तो उसने इन्कार कर दिया, लेकिन उसकी मां शाहना ने उसे काम पर भेज दिया। घर से निकलते समय उसने गुस्से में मां से कहा कि अब वह काम पर से कभी नहीं लौटेगा। जैसे ही उसकी मौत की खबर उसकी मां को मिली, तब से उसकी हालत खराब है। वह बार-बार उस घड़ी को कोस रही थी जब उसने आल मोहम्मद को फैक्ट्री जाने को कहा था। उसकी मौत से परिवार के अन्य लोग भी सदमे में हैं। परिवार में मां शाहना के अलावा भाई बुल मोहम्मद और छह बहनें हैं।