प्रदेश

भारत से विश्वासघात कर रहा है चीन: मुलायम

By अपनी पत्रिका

February 09, 2015

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने चीन पर भारत के साथ विश्वासघात करने का आज आरोप लगाते हुए इसे देश के लिए बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा, ‘‘जब उसके (चीन) राष्ट्रपति यहां प्रधानमंत्री मोदी के साथ हाथ मिला रहे थे उसके लोग भारतीय सीमा में तम्बू लगा रहे थे। उसका यह कृत्य भारत के लिए चुनौती है।’’ विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान हेतु 56 लोगों को ‘यश भारती’ सम्मान देने के लिए आयोजित समारोह को संबधेधित करते हुए मुलायम ने उपरोक्त बातें कहीं। समारोह में 22 लोगों को वर्ष 2013-14 तथा अन्य लोगों को वर्ष 2014-15 के ‘यश भारती’ सम्मान से नवाजा गया। पुरस्कार में 11 लाख रुपये की नकद राशि तथा प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। हाल ही में संपन्न अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा, ‘‘हाल ही में एक देश के राष्ट्राध्यक्ष का बड़ी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अब वे कह रहे है कि भारत में सबसे ज्यादा भेदभाव होता है। इससे पहले ऐसा ही स्वागत चीनी राष्ट्रपति को दिया गया था और उसने (चीन) हमारे साथ विश्वासघात किया।’’ भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु के शासनकाल में पड़ोसी चीन के साथ उनकी दोस्ती की ओर इशारा करते हुए यादव ने कहा, ‘‘जवाहर लाल की मौत चीन से मिले विश्वासघात के कारण हुई थी और किसी अन्य कारण से नहीं।’’ यादव ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश का विकास लोगों को बेवकूफ बनाकर नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को लंबे समय तक बेवकूफ बनाकर देश का विकास नहीं किया जा सकता। प्रदेश और देश के विकास के लिए बिना किसी भेदभाव के समाज के हर तबके के योगदान को महत्व देना आवश्यक है।