Friday, April 26, 2024
Homeप्रदेशदिल्लीः तापमान में जबर्दस्त गिरावट, घना कोहरा

दिल्लीः तापमान में जबर्दस्त गिरावट, घना कोहरा

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में आज का दिन सबसे सर्द रहा। दरअसल, न्यूनतम तापमान इस मौसम का सबसे कम यानी 4.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया और पिछले पांच वर्षों के दौरान 22 दिसंबर की तारीख अब तक की सबसे सर्द तारीख रही। यहां तक कि शहर में घने कोहरे की मोटी चादर छाई रही जिसके कारण आम जनजीवन पर असर पड़ा और उड़ान सेवा तथा ट्रेन सेवा भी प्रभावित हुई। रविवार सुबह का तापमान इस मौसम के औसत तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री कम बना रहा था। राष्ट्रीय राजधानी में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा और तड़के सुबह दृश्यता शून्य तक पहुंच गयी। हालांकि सुबह नौ बजे तक दृश्यता सुधरकर 150 मीटर हो गयी।  कम दृश्यता के कारण उड़ान और ट्रेन परिचालन सेवा प्रभावित हुई, परिणामस्वरूप यहां के आईजीआई हवाई अड्डे पर कई उड़ानों में देरी हुई। आने वाली और जाने वाली कई ट्रेनें भी देरी से चलीं। कोलकाता, रांची, भुवनेश्वर, सियालदह, मगध से आने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित उत्तर को जाने वाली करीब 70 ट्रेनें विलंब से चलीं। घने कोहरे के कारण लिच्छवी और पुरूषोत्तम एक्सप्रेस में कई घंटे की देरी हुई। एक वरिष्ठ यातायात पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोहरा छाने के कारण यातायात की गति भी धीमी रही। मौसम विभाग के कर्मी ने बताया कि दिन का तापमान भी 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।


RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments