Friday, April 26, 2024
Homeअन्यआप विधायक महेंद्र यादव को 1 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा...

आप विधायक महेंद्र यादव को 1 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया

नई दिल्ली। दुष्कर्म के एक कथित आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से दंगा भड़काने और एक सरकारी सेवक के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार आप विधायक महेंद्र यादव को शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत ने एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट हरविंदर सिंह ने पुलिस को विकासपुरी से विधायक यादव से कल तक पूछताछ की अनुमति दी। पुलिस ने कहा था कि प्रदर्शन के दौरान अपराध में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए यादव की हिरासत जरूरी है। अदालत ने चार अन्य आरोपियों- रूपेश कात्यानी, देवेंद्र कुमार, रोशन कुमार और शैलेश कुमार को जमानत दे दी। मामले में इन चारों को भी गिरफ्तार किया गया था। कात्यानी की ओर से वकील कपिल शर्मा और संजीव कुमार ने कहा कि इन लोगों को 20-20 हजार रपये के निजी मुचलके और इतनी ही जमानत राशि जमा करने पर छोड़ दिया गया। न्यायाधीश ने बंद कमरे में सुनवाई की और मीडियाकर्मियों को अदालत कक्ष में जाने की अनुमति नहीं दी गयी। पुलिस के मुताबिक आज गिरफ्तार किये गये यादव ने तीन साल की एक बच्ची के यौन शोषण की घटना के खिलाफ कल शाम पश्चिम दिल्ली के निहाल विहार इलाके में हिंसक प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की और एक वाहन को जलाने की कोशिश भी की। प्रदर्शनकारियों ने 38 वर्षीय आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए आरोप लगाया था कि पुलिस तेजी से मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है, वहीं संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिण पश्चिम) दीपेंद्र पाठक ने दावा किया कि कथित दोषी को प्रदर्शन से काफी पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। यादव गिरफ्तार किये गये आम आदमी पार्टी के छठे विधायक हैं। इससे पहले अलग-अलग आरोपों में पार्टी विधायक अखिलेश त्रिपाठी, सोमनाथ भारती, कमांडर सुरेंद्र सिंह, मनोज कुमार और पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने कहा, गुरुवार रात एक मामला दर्ज किया गया और विधायक को आज दोपहर में गिरफ्तार किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments