प्रदेश

भारत हिंदू राष्ट्र में जरूर तब्दील होगाः मोहन भागवत

By अपनी पत्रिका

December 21, 2014

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि भारत को हिंदू राष्ट्र में बदलने का सपना जरूर साकार होगा। उन्होंने कोलकाता में विश्व हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदू धर्म छोड़कर दूसरे धर्मों में चले गए लोगों की घर वापसी में कुछ भी गलत नहीं है और पाकिस्तान भी भारत भूमि का ही हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हम हिंदू धर्म छोड़ गए लोगों को फिर से हिंदुत्व की ओर लाएंगे और जिन लोगों को धर्मांतरण से एतराज है उन्हें चाहिए कि वे धर्मांतरण के खिलाफ संसद में कानून लाएँ। अगर आप एक हिंदू के रूप में धर्म नहीं बदलना चाहते तो आपको हिंदुओं का धर्म भी नहीं बदलना चाहिए। संघ प्रमुख ने कहा कि जब तक हिंदू एकजुट और मजबूत नहीं है तब तक कोई शांति से नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र था और आज हिंदू जागृत हो रहे हैं। पाकिस्तान भारत भूमि का हिस्सा था। उसका निर्माण 1947 की घटनाओं के कारण हुआ और यह स्थायी नहीं है। पाकिस्तान कितने अपराधों को अंजाम दे रहा है। बांग्लादेशी घुसपैठिए कितने अपराध कर रहे हैं और फिर भी हम बर्दाश्त कर रहे हैं। बहरहाल, अब हम इसे और बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमें क्या कदम उठाने चाहिए इसका अंदाजा हमें है। आज आतंक की शिकार दुनिया की मदद सिर्फ हिंदू करेंगे।