प्रदेश

भाजपा पर मानहानि का मामला दर्ज करेंगे केजरीवाल

By अपनी पत्रिका

December 02, 2014

नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी पर पार्टी नेताओं के गैर सरकारी संगठनों के धन का अन्य कार्यों के लिये इस्तेमाल करने का आरोप लगाये जाने के बाद आज दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दायर करेगी। केजरीवाल ने भाजपा पर अपने दानदाताओं की सूची का खुलासा करने की चुनौती देते हुए भगवा पार्टी पर आप के दानकर्ताओं को ‘‘भयभीत’’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा के आरोपों को ‘‘मनमाने तरीके से दिखाए जाने’’ को लेकर मीडिया पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा, ‘‘हमें मिली चंदे की रकम के संबंध में भाजपा के मनमाने और आधारहीन आरोपों को मीडिया ने जमकर दिखाया। हम भाजपा के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज करने जा रहे हैं।’’आप नेता ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘मैं भाजपा और कांग्रेस को चुनौती दे रहा हूं कि वे अपने दानदाताओं (जैसा कि हम करते हैं) की सूची का खुलासा करें। क्या मीडिया इसे भी ऐसे ही दिखाएगा-? पहली बार कोई राजनीतिक दल अपने चंदे की रकम पर पारदर्शिता बरत रहा है और अपने दानदाताओं की सूची का खुलासा कर रहा है और भाजपा हमारे दानदाताओं को भयभीत करने का प्रयास कर रही है। क्या यह सही है-?’’ आप ने कारोबारियों के लिए भोज का आयोजन किया था जिसके लिए प्रवेश शुल्क 20,000 रुपए रखा गया था। भोज से पार्टी ने 50 लाख रुपए की बड़ी रकम जुटाई थी। गत गुरूवार को मुंबई में ऐसे ही एक और समारोह के आयोजन से पार्टी को 91 लाख रुपए प्राप्त हुये थे। इन दोनों आयोजनों से कुलमिलाकर पार्टी को 1.41 करोड़़ रुपए की रकम हासिल हुई। आप पर अपने नेताओं के गैर सरकारी संगठनों से रकम लेने का आरोप लगाते हुए दिल्ली भाजपा ने कल ऐसे आयोजनों की जांच की मांग की थी।