अन्य

एलजी बनाम सीएम विवाद: राष्‍ट्रपति से कल मिलेंगे केजरीवाल

By अपनी पत्रिका

May 18, 2015

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल नजीब जंग के बीच की लड़ाई अब राष्ट्रपति भवन तक पहुंच गई है। इस बाबत अपनी बात रखने के लिए मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति से मिलने के लिए समय मांगा था, जिसके बाद उन्हें मंगलवार छह बजे का समय दिया गया है। इससे पहले आज भी केजरीवाल बनाम नजीब की जंग और तेज होती दिखाई दी। आज कार्यवाहक मुख्य सचिव विवाद में पलटवार करते हुए दिल्ली सरकार ने सेवा विभाग के मुख्य सचिव अनिंदो मजूमदार के कार्यालय को सील कर दिया है। मजूमदार ने ही उपराज्यपाल नजीब जंग के निर्देश पर कार्यवाहक मुख्य सचिव की नियुक्त का आदेश जारी किया था। वहीं दूसरी ओर जब दिल्ली सरकार ने राजेंद्र कुमार को मुख्य सचिव नियुक्ति किया तो उपराज्यपाल ने उनकी नियुक्ति को रद कर दिया। केजरीवाल सरकार ने मजूमदार को हटा कर यह पद राजेंद्र कुमार को दिया था।

गौरतलब है कि उपराज्यपाल जंग से निर्देश मिलने के बाद शंकुलता गैमलीन को नियुक्ति पत्र जारी करने वाले सेवा विभाग में कार्यरत मुख्य सचिव अनिंदो मजूमदार का तबादला दिल्ली सरकार ने कर दिया था। जिसके बाद जंग ने मजूमदार के तबादले के केजरीवाल सरकार के फैसले को पलट दिया था। दिल्ली की आम आदमी पार्टी [आप] सरकार का आरोप है कि गैमलीन के बिजली वितरण कंपनी बीएसइएस के साथ करीबी संबंध है। हालांकि, 1984 बैच की आइएएस अधिकारी ने आरोपों से इनकार करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया था।