Tuesday, April 30, 2024
Homeअन्यमर्केल ने मोदी के साथ जर्मन भाषा का मुद्दा उठाया

मर्केल ने मोदी के साथ जर्मन भाषा का मुद्दा उठाया

ब्रिस्बेन
भारत में केंद्रीय विद्यालयों में तीसरी भाषा के रूप में संस्कृत के विकल्प के तौर पर जर्मन हटाने का मुद्दा जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत में उठाया और मोदी ने उन्हें भारतीय प्रणाली की सीमाओं के भीतर इस पर विचार करने का आश्वासन दिया। यहां जी20 शिखर सम्मेलन से इतर मुलाकात के दौरान मर्केल ने मोदी के साथ इस मुद्दे को उठाया और उन्हें जर्मनी आने का न्यौता भी दिया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरद्दीन ने कहा, ‘‘मर्केल ने भारतीय स्कूलों में संस्कृत के विकल्प के रूप में जर्मन भाषा पढ़ाये जाने के मुद्दे को उठाया। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस पर विचार करने तथा यह देखने का अनुरोध किया कि आगे क्या सर्वश्रेष्ठ रास्ता हो सकता है।’’ प्रवक्ता के मुताबिक, ‘‘प्रधानमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह खुद भारत में बच्चों के अन्य भाषाएं सीखने के समर्थक हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रणाली के दायरे में इस पर क्या सर्वश्रेष्ठ हो सकता है, हम इस पर काम करेंगे।’
भारत में जर्मनी के राजदूत माइकल स्टीनर भी भारत सरकार के साथ इस मुद्दे को उठा चुके हैं और व्यावहारिक समाधान की उम्मीद जता चुके हैं। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने संस्कृत के विकल्प के रूप में जर्मन हटाने का फैसला किया, जिसके बाद करीब 500 केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा छठी से आठवीं के करीब 70,000 बच्चों से जर्मन की जगह संस्कृत भाषा पढ़ने को कहा जा सकता है। साल 2011 में केंद्रीय विद्यालयों और गोयथे इंस्टीट्यूट-मैक्स मूलर भवन के बीच एमओयू हुआ था जिसमें जर्मन को तीसरी भाषा बनाया गया था। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने सरकार के कदम का बचाव करते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था तीन-भाषा के फॉर्मूले का उल्लंघन है। हालांकि उन्होंने कहा कि जर्मन भाषा ‘रुचि के अतिरिक्त विषय’ के तौर पर पढ़ाई जाती रहेगी। तीन-भाषा के फॉर्मूले में स्कूलों में हिंदी, अंग्रेजी और एक आधुनिक भारतीय भाषा पढ़ाई जाती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments