अन्य

मूड समझने में विफल रही भाजपा: उपाध्याय

By अपनी पत्रिका

February 10, 2015

नई दिल्ली  दिल्लीवासियों के जनादेश को स्वीकार करते हुए भाजपा के स्थानीय अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि पार्टी लोगों का मूड समझने में विफल रही। आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत पर अरविन्द केजरीवाल को बधाई देते हुए उपाध्याय ने कहा कि भाजपा लोगों की सेवा करना जारी रखेगी जैसा कि यह विगत में करती रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम दिल्ली के लोगों के जनादेश को स्वीकार करते हैं। हम लोगों का मूड समझने में विफल रहे। भाजपा लोगों की सेवा करना जारी रखेगी जैसा कि यह विगत में करती रही है। मैं केजरीवाल को उनकी जीत पर बधाई देता हूं।’’ कल तक उपाध्याय यह कहकर पार्टी की जीत का भरोसा जता रहे थे कि पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक के अनुसार चुनाव परिणाम, एक्जिट पोल से भिन्न होंगे।

उन्होंने कहा था, ‘‘मैं एक्जिट पोल के परिणामों को चुनौती नहीं देना चाहता, उनकी अलग विधि, अलग तकनीक होती है। मैं उन्हें चुनौती क्यों दूं? लेकिन जहां तक मेरी तकनीक की बात है तो मुझे विश्वास है कि भाजपा सरकार बनाएगी।’’

इस बीच भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली चुनावों के नतीजों पर कहा है कि यह सच है कि यह बहुत बड़ा झटका है और पार्टी को इतनी बड़ी हार की आशंका नहीं थी।