भोपाल। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि पार्टी पर कॉपरेरेट समर्थक होने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए और बताया जाए कि किस तरह नरेंद्र मोदी नीत राजग सरकार ने कोयला ब्लॉकों और 2जी स्पेक्ट्रम की नीलामी से अत्यधिक राजस्व अर्जित किया है। शाह ने कहा कि जनता को तय करना है कि पिछली संप्रग सरकार कॉपरेरेट समर्थक थी या सत्तारुढ़ राजग कॉपरेरेटों का ध्यान रखता है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘संप्रग के 10 साल के शासन के दौरान 73 घोटाले हुए, जिनमें जनता का 12 लाख करोड़ रुपया लूट लिया गया। कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने 220 कोयला ब्लॉक महज 600 करोड़ रुपये में दे दिये।’’ हालांकि शाह ने कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा नीत राजग ने इन 220 में से केवल 20 खदानों की नीलामी से दो लाख करोड़ रुपये का सरकारी खजाना अर्जित किया है। उन्होंने यहां भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘इसी तरह पिछली सरकार ने कुछ हजार करोड़ रुपये में 2जी स्पेक्ट्रम का आवंटन किया। लेकिन अब सरकारी खजाने में 8000 करोड़ रुपये जमा हुए हैं।’’
शाह ने कहा, ‘‘सरकारी खजाने में जमा धन कॉपरेरेट घरानों से ही प्राप्त हुआ है और कांग्रेस भाजपा को कॉपरेरेट की पार्टी कहती है। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान करता हूं कि महासंपर्क अभियान के दौरान कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब दें।’’ उन्होंने कहा कि 26 मई, 2015 का दिन भाजपा के लिए गौरवपूर्ण होगा क्योंकि इस दिन सरकार अपना एक साल पूरा करेगी। शाह ने कहा, ‘‘वैसे तो इसका आकलन लोकतंत्र में अपने तरीके से होगा, लेकिन जनता को मोदी सरकार की वास्तविक उपलब्धियों के बारे में बताने की जिम्मेदारी हमारी है।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने सदस्यता अभियान में 10.5 करोड़ लोगों को सदस्य बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया है।