नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल (ISC) ने एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 456 ग्राम हाई क्वालिटी कोकीन (क्रैंक) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर सतेंद्र खारी की अगुवाई में और एसीपी रमेश लांबा की निगरानी में अंजाम दी गई।
कैसे हुआ खुलासा?
क्राइम ब्रांच को 10 अप्रैल 2026 को एक गुप्त सूचना मिली थी कि एक ड्रग सप्लायर बड़ी खेप के साथ दिल्ली पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने गाजीपुर गोलचक्कर पर जाल बिछाया और जावेद हुसैन (29) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 456 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
बरेली तक पहुंची जांच
पूछताछ में जावेद ने खुलासा किया कि उसने यह कोकीन बरेली निवासी सोइब खान (25) से ली थी। इसके बाद पुलिस ने जावेद को रिमांड पर लेकर 22 अप्रैल को बरेली में छापेमारी की और मुख्य सप्लायर सोइब खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस पूरे मामले में पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल सोइब खान पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
चौंकाने वाली बात
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अशिक्षित हैं और अब तक उनके खिलाफ किसी बड़े आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद वे अंतरराज्यीय स्तर पर नशे के कारोबार से जुड़े हुए थे, जो पुलिस के लिए चिंता का विषय है।
आगे की कार्रवाई जारी
क्राइम ब्रांच की टीम अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। माना जा रहा है कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य राज्यों में भी सक्रिय हो सकता है।
यह भी पढ़ें:– https://apnipatrika.com/dont-fear-it-and-leave-it-aap-bjp-jain-making-a-major-attack-on-the-mahal-by-sadhna-nashion/
