गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह एक भयावह अग्निकांड हुआ। सोसाइटी की 9वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते 13वीं मंजिल तक फैल गई। इस घटना में लगभग 8 फ्लैट आग की चपेट में आ गए। आग से निकलने वाला धुएं का काला गुबार इतना विशाल था कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से भी साफ नजर आ रहा था, जिसे देखकर राहगीरों में भी दहशत फैल गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरे रास्तों और टावर के सामने बने पार्क की वजह से राहत कार्य में भारी बाधा आई। यूपी फायर सर्विस की बड़ी हाइड्रोलिक मशीनें ऊपर के फ्लोर तक पहुँचने में असमर्थ रहीं, जिससे आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया। दमकल कर्मियों की 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग को बुझाया जा सका। इस दौरान पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी मची रही और लोग अपनी जान बचाने के लिए टावर से बाहर की ओर भागे।
राहत और बचाव कार्य के दौरान धुएं में फंसे दो लोगों को रेस्क्यू कर तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग लगने के समय उन फ्लैटों में कितने लोग मौजूद थे या आग लगने का मुख्य कारण क्या था। फिलहाल संबंधित विभाग पूरी घटना की जांच कर रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन यह भी जाँच रहा है कि क्या सोसाइटी में लगे अग्नि सुरक्षा उपकरण उस समय चालू स्थिति में थे या नहीं।
यह भी पढ़ें:– https://delhidarpantv.com/delhi-police-special-cell-busts-isi-drone-arms-smuggling-syndicate/
