Headlines

अक्षय तृतीया: सीएम धामी ने हरिद्वार में ‘अखंड परम धाम गंगा घाट’ का किया लोकार्पण, चारधाम यात्रा का भी हुआ आगाज

अक्षय तृतीया: सीएम धामी ने हरिद्वार में 'अखंड परम धाम गंगा घाट' का किया लोकार्पण, चारधाम यात्रा का भी हुआ आगाज

हरिद्वार, 19 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर हरिद्वार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में स्वामी परमानंद गिरि जी महाराज की 71वीं संन्यास जयंती के उपलक्ष्य में ‘अखंड परम धाम गंगा घाट’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए संत-महात्माओं का स्वागत करते हुए इसे सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने स्वामी परमानंद गिरि जी महाराज के जीवन को त्याग और साधना का अनुपम उदाहरण बताते हुए उनके मार्गदर्शन को समाज के लिए प्रेरणादायी करार दिया और साध्वी ऋतंभरा जी के राष्ट्र व सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे सांस्कृतिक पुनरुत्थान का उल्लेख करते हुए राम मंदिर निर्माण, केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम के पुनर्निर्माण और विभिन्न कॉरिडोर परियोजनाओं को भारत की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का प्रमाण बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विश्व की ‘आध्यात्मिक राजधानी’ के रूप में स्थापित करने के लिए संकल्पबद्ध है। इस दिशा में केदारखंड एवं मानसखंड मंदिर क्षेत्रों का विकास, दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज’ की स्थापना और राज्य में समान नागरिक संहिता व धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं, जो प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और जनसांख्यिकीय संतुलन को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के औपचारिक शुभारंभ की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि आज से मां यमुना और मां गंगा के कपाट तीर्थयात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं। सरकार की प्राथमिकता यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गई हैं। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करने का आश्वासन दिया।

इस कार्यक्रम में पूज्य स्वामी बालकानंद जी, योग ऋषि स्वामी रामदेव जी, साध्वी ऋतंभरा, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत रवींद्र पूरी महाराज, आचार्य बालकृष्ण जी महाराज, साध्वी निरंजन ज्योति, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित देश के अनेक प्रमुख संत, महात्मा और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: https://apnipatrika.com/cr-park-double-murder-ki-khalas-24-ghat-buried-in-murder-pas-ka-rajash-baap-butt-k-uttar-tha-mat-ghat/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *