देश

अब बर्ड फ्लू का खतरा मंडराया

By Jagdish Panwar

January 06, 2021

नई दिल्ली। भारत के कई राज्यों के साथ साथ फ्रांस जैसे कुछ देशों में भी पक्षियों के मरने का सिलसिला शुरू हो गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि इससे बर्ड फ्लू का खतरा बढ सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने संभल कर रहने की चेतावनी दे दी है। देशभर में बर्ड फ्लू ने एक और संकट पैदा कर दिया है।

हाल के कुछ दिनों से मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, केरल में हजारों की तादाद की कौओं की मौतों के बाद पक्षी वैज्ञानिक और स्वास्थ्य महकमों से जुड़े लोग सतर्क हो गए हैं। इन राज्यों के लोगों में भी भय का वातावरण है।

केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा

खतरे को देखते हुए केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा है कि बर्ड फ्लू पक्षियों से इंसानों तक भी आ सकता है पर भारत में फिलहाल ऐसा मामला सामने नहीं आया हैं।

ये भी पढ़ें – बिजली सौर ऊर्जा से बनाकर आमदनी कर रहा है निगम

उन्होंने कहा कि अभी तक मानवों में संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। हालांकि ऐसा भी कोई सीधा सबूत नहीं है, जिससे यह साबित होता हो कि दूषित पोल्ट्री उत्पाद का सेवन करने से किसी में यह संक्रमण फैला हो। इसका कोई इलाज नहीं है इसलिए सभी राज्यों को इसे फैलने से रोकने के लिए कदम उठाने को कहा गया है जिसमें पक्षियों की आवाजाही पर रोक और उन्हें उचित तरह से नष्ट करना शामिल है।

अभी तक देश के पांच राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। ये राज्य हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और केरल हैं। संजीव बालियान के मुताबिक हरियाणा में यह फ्लू पोल्ट्री तक पहुंच चुका है जबकि दूसरे राज्यों में जंगली या दूसरी जगहों से आए पक्षियों में बर्ड फ्लू फैला है।उन्होंने कहा है कि देश के विभिन्न राज्यों को बर्ड फ्लू के एच5 एन8 स्वरूप स्ट्रेन को नियंत्रित करने के लिए अलर्ट कर सैंपल को जांच के लिए भेज दिया गया है।

कई राज्यों में कौओं और मुर्गों की मौतें हुई हैं जबकि कई राज्यों में उन्हें मारना पड़ा है। केरल में तो मुर्गों और बत्तखों को मारना शुरू कर दिया गया है। वहीं, हरियाणा के पंचकूला जिले की फर्म में बीते 10 दिन के दौरान चार लाख से अधिक पोल्ट्री पक्षियों की मौत हो चुकी है।

ये भी पढ़ें –  श्मशान घाट की मौतों का दोषी पकड़ा गया

भारत के अलावा फ्रांस से भी खबरें आ रही हैं कि यहां भी बड़ी संख्या में पक्षी मौत का शिकार हो रहे हैं। इससे अन्य देशों में भी आवागमन के कारण खतरा बढ गया है।

देश और दुनिया की तमाम ख़बरों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल  अपनी पत्रिका टीवी  (APTV Bharat) सब्सक्राइब करे।

आप हमें Twitter , Facebook , और Instagram पर भी फॉलो कर सकते है।