IND vs SL: स्मृति–शेफाली की तूफानी जोड़ी ने रचा इतिहास, महिला T20I में वर्ल्ड रिकॉर्ड!

IND vs SL: स्मृति–शेफाली की तूफानी जोड़ी ने रचा इतिहास, महिला T20I में वर्ल्ड रिकॉर्ड!

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनिंग जोड़ी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ खेले गए सीरीज के चौथे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में इतिहास रच दिया। तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में इस जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 162 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी कर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।

इस साझेदारी के साथ ही स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3000 रन पूरे करने वाली दुनिया की पहली जोड़ी बन गई हैं। अब तक इस भारतीय जोड़ी ने 3,107 रन जोड़े हैं, जो महिला टी20I क्रिकेट में किसी भी जोड़ी द्वारा सर्वाधिक हैं।

इस सूची में ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली और बेथ मूनी की जोड़ी दूसरे स्थान पर है, जिन्होंने 2,720 रन बनाए हैं, जबकि यूएई की ईशा ओझा और तीर्था सतीश की जोड़ी 2,579 रनों के साथ तीसरे स्थान पर है।

रविवार को खेले गए मुकाबले में मंधाना-शेफाली की जोड़ी ने मात्र 15.2 ओवरों में 162 रन जोड़े। यह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी इसी जोड़ी के नाम था, जब उन्होंने 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले विकेट के लिए 143 रन जोड़े थे।

इसके अलावा, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 या उससे अधिक रनों की ओपनिंग साझेदारी के मामले में मंधाना-शेफाली की जोड़ी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस जोड़ी ने अब तक 4 बार शतकीय ओपनिंग साझेदारी की है। इस सूची में एलिसा हीली-बेथ मूनी की जोड़ी भी 4 बार यह उपलब्धि हासिल कर चुकी है, जबकि यूएई की ईशा ओझा-तीर्था सतीश की जोड़ी 6 शतकीय साझेदारियों के साथ शीर्ष पर है।

मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। शेफाली वर्मा ने 48 गेंदों में 80 रन, जबकि स्मृति मंधाना ने 46 गेंदों में 79 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 16) और ऋचा घोष (नाबाद 40) ने तीसरे विकेट के लिए 53 रनों की अटूट साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

भारतीय ओपनिंग जोड़ी का यह प्रदर्शन न केवल भारत के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में भी एक नया अध्याय जोड़ता है।

यह भी पढ़ें- https://apnipatrika.com/aadhaar-linking-on-december-31-not-taxing-around-1000-for-germany/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *