अपराध

पुलिस के हत्थे चढ़ा दोस्त को जिंदा जलाने वाला

By अपनी पत्रिका

September 14, 2015

पत्रिका संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पिछले माह नंद नगरी इलाके में अपने दोस्त को जिंदा जलाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी रोहित ने अपमान का बदला लेने के लिए विजय की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन कट्टे और 18 कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी और मृतक दोनों शातिर बदमाश थे और साथ मिलकर दिल्ली, नोएडा सहित गुड़गांव में कार लूट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस उपायुक्त (स्पेशल सेल) राजीव रंजन ने बताया कि रोहित ऑटो चलाता है। वह जल्द से जल्द अमीर बनना चाहता था। बदमाशों की जीवन शैली से भी वह प्रभावित था। इसके चलते वह गलत संगत में पड़ गया था। इस साल की शुरुआत में रोहित की दोस्ती विजय से हुई थी। इसके बाद दोनों ने दिल्ली, नोएडा और गुड़गांव में कार लूटना शुरू किया। पुलिस पूछताछ में रोहित ने बताया कि विजय उसे धोखा दे रहा था। लूट का उचित हिस्सा नहीं दे रहा था। इस बारे में जब उसने विजय से बात की तो उसने अपमानित किया। अपमान का बदला लेने के लिए उसने विजय की हत्या की साजिश रची। गत 3 अगस्त की रात विजय सो रहा था। इसी दौरान रोहित उस पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। इसके बाद कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गया। इस घटना में इलाज के दौरान विजय की मौत हो गई थी। राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस को 9 सितंबर को सूचना मिली कि रोहित वजीराबाद इलाके में आने वाला है। एसीपी अमित सिंह की टीम ने उसे दबोच लिया।