नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में आज सियासत का पारा उस वक्त सातवें आसमान पर पहुंच गया जब आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों और नेताओं ने गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत और बढ़ती महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विधानसभा सत्र के बीच, ‘आप’ विधायकों ने सदन के बाहर ‘खाली गैस सिलेंडर’ के साथ अनोखा प्रदर्शन कर भाजपा सरकार की नीतियों को ‘जनता विरोधी’ और ‘निकम्मी’ करार दिया।
रसोई से सिलेंडर गायब, चूल्हे पर लौटा देश: संजय सिंह
प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज के आधुनिक समय में मोदी सरकार ने देश को वापस लकड़ी और कोयले के युग में धकेल दिया है। उन्होंने कहा, “पूरे देश में लोगों के किचन से गैस सिलेंडर गायब हो चुके हैं। सिलेंडर भरवाने के लिए घंटों लंबी लाइनें लगी हैं और गैस न मिलने के कारण छोटे रेस्टोरेंट और ढाबे बंद हो रहे हैं।”
विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप
‘आप’ नेताओं ने आरोप लगाया कि एक तरफ जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा अपनी तानाशाही में मस्त है। विधायकों ने कहा कि विधानसभा में जनता की आवाज उठाने से रोकने के लिए उनके चार विधायकों को असंवैधानिक तरीके से सस्पेंड किया गया है। लेकिन ‘आप’ के सिपाही डरने वाले नहीं हैं और वे सड़क पर उतरकर जनता की लड़ाई लड़ेंगे।
“जो सिलेंडर न दिला सके, वो सरकार निकम्मी है”
विधानसभा के बाहर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की। आतिशी के नेतृत्व में विधायकों ने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया जिन पर लिखा था— “जो सिलेंडर न दिला सके, वो सरकार निकम्मी है।” पार्टी का कहना है कि ‘डिजिटल इंडिया’ की बातें करने वाली सरकार आम आदमी को खाना पकाने के लिए ईंधन तक मुहैया कराने में पूरी तरह विफल रही है।
