अपराध

प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या!

By अपनी पत्रिका

May 24, 2017

अपनी पत्रिका, विद्या नन्द मिश्रा।

साऊथ दिल्ली के डिफैंस कॉलोनी थाना क्षेत्र पुलिस ने एम्स कर्मचारी नथूनी पासवान की हत्या के आरोप में उसकी ही दूसरी पत्नी अरुणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक महिला ने अपने तांत्रिक प्रेमी संजीव पासवान के साथ मिलकर एक साजिश के तहत 7 अप्रैल 2017 को पति की हत्या कर दी। महिला पर आरोप है कि उसने पहले तो अपने पति को खाने में नींद की गोली मिलाकर खिला दिया और जब वह बेहोश हो गया तो उसका गला दबाकर हत्या कर दी। महिला ने पुलिस को बरगलाने के लिए प्रेमी संजीव पासवान के निर्देश पर पति का गला दबाने के लिए कपड़े का भी इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं महिला ने लोगों को बताया कि उसके पति की मौत बीमारी के कारण हुआ है। वहीं जब मृतक का पोस्टमार्टम हुआ तो आरोपी पत्नी की करतूत सामने आ गयी और पुलिस ने 12 मई 2017 को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर महिला को दबोच लिया। हालांकि इस साजिश में शामिल महिला का तांत्रिक प्रेमी संजीव पुलिस की गिरफ्त से बाहर है,  जिसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम बिहार गई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने बताया की इस हत्या की कहानी मार्च महीने में उस वक्त लिखी गयी, जब उसका तांत्रिक प्रेमी संजीव पासवान बिहार से दिल्ली पहुंचा। दोनों ने मिलकर सबसे पहले दो नए सिमकार्ड और नींद की गोली खरीदे।  महिला ने संजीव के साथ प्लान बनाकर पहले तो पति को खाने में मिलाकर नींद की गोली खिलाई और फिर एक कपड़े से गला दबा दिया, जिससे की गले पर कोई निशान न पड़ सके। महिला अपने पति से खुश नहीं थी और तांत्रिक संजीव से उसका अवैध रिश्ता भी था।

मृतक नथूनी की बेटी माधुरी के मुताबिक हत्या की आरोपी महिला अरुणा उसकी सौतेली मां है। उसके पिता नथूनी पासवान ने उसकी पहली मां की मौत के बाद वर्ष 2000 में अरुणा से शादी की थी, लेकिन शादी के बाद से अरुणा का व्यवहार इन लोगों के साथ कभी भी अच्छा नहीं रहा।