अपनी पत्रिका
बीजेपी दिल्ली प्रदेश इन दिनों जनता को निःशुल्क तीर्थ यात्रा पर भेजने की योजना ही बना रही थी कि बवाना विधानसभा क्षेत्र के पूठ खुर्द वार्ड 31 N की निगम पार्षद अंजू अमन कुमार ने इसकी शुरुआत सबसे पहले कर दी। रविवार देर रात क्षेत्र के प्रह्लादपुर गाँव से तीर्थ यात्रा का दूसरा जत्था बीजेपी नेता अमन कुमार ने रवाना किया। इस जत्थे में 8 बसों में लगभग 400 लोग निःशुल्क तीर्थ यात्रा पर हरिद्वार गए हैं जहाँ क्षेत्र की निगम पार्षद अंजू देवी उनके स्वागत के लिये पहले ही मौजूद हैं। बता दें कि शनिवार को पहला जत्था खुद भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने शाहबाद क्षेत्र से भाजपा का झंडा दिखा कर रवाना किया था। एक दर्जन बसों में करीब 600 लोग पहले दिन हरिद्वार पहुँचे जिसमें निगम पार्षद भी महिलाओं के साथ बस में ही बैठी। निगम पार्षद अंजू देवी ने बताया कि उनकी योजना कुल 100 बसों में 5000 से ज्यादा लोगों को तीर्थ यात्रा पर भेजने की है जिसमें बुजुर्ग और महिलाएँ मुख्य रूप से शामिल होंगे। युवाओं के लिये भी तीर्थ यात्रा पर जाने का अवसर है।
हालांकि निगम चुनाव को नजदीक देखते हुए इसे सियासत से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा गर्म है कि भाजपा शाषित बदहाल निगम की नैया को क्या ये निःशुल्क तीर्थ यात्राएँ आगामी निगम चुनाव में पार लगाएंगी? भाजपा नेता अमन कुमार इस बात का खंडन करते हुए कहते हैं कि यात्रा की शुरुआत उन्होंने केवल सेवा भाव से की है और क्षेत्र में वह इस तरह के और भी कार्य निजी प्रयासों से ही करते रहे हैं। मौजूदा तीर्थ यात्रा अभियान के तहत दो जत्थों में लगभग 1000 लोग हरिद्वार पहुँच चुके हैं। अमन कुमार ने बताया कि आगे की योजना मथुरा, वृंदावन और अयोध्या की भी है। विपक्षी पार्टियाँ या प्रतिद्वंदी इसे बेशक सियासत से जोड़ कर देखें लेकिन जनता को बीते डेढ़ साल से कोरोना काल के कारण घरों में बंद रहने के बाद अब निःशुल्क तीर्थ यात्रा का लाभ जरूर मिल रहा है और वह इसका आनंद भरपूर ले रहे हैं।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा यूटयूब चैनल दिल्ली दपर्ण टीवी (DELHI DARPAN TV) सब्सक्राइब करें।
आप हमें FACEBOOK,TWITTER और INSTAGRAM पर भी फॉलो पर सकते हैं।