अन्य

किसान यात्रा में जा रहे अखिलेश यादव नजरबंद किए गए

By Jagdish Panwar

December 07, 2020

लखनऊ। प्रदेश में किसान बिल के खिलाफ यात्रा निकाल रही समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव को पुलिस ने गिरफतार कर नजरबंद कर दिया हैं। लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी गाड़ियों में रोकने के बाद वे धरने पर बैठ गए और विरोध प्रदर्शन किया। लखनऊ स्थित अखिलेश यादव के आवास तक का एरिया सील कर दिया गया है। यहां भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। विक्रमादित्य मार्ग को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

किसान बिल के खिलाफ दिल्ली में चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शनके समर्थन में यूपी में समाजवादी पार्टी आज प्रदेश भर में किसान यात्राओं का आयोजन कर रही है। पुलिस ने प्रदेश भर में सपा नेताओं को घर में ही नजरबंद कर दिया है। प्रशासन ने पहले लखनऊ में अखिलेश यादव के घर के बाहर बैरिकेडिंग की थी। बाद अखिलेश पास में ही धरने पर बैठ गए थे। कई पूर्व मंत्रियों समेत सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया है। वाराणसी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, पीलीभीत, गोरखपुर, मेरठ सहित कई जिलों में सपा नेताओं के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है।

कन्नौज में किसान यात्रा निकालने की जिद पर अड़ेे सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। यहां भी कई नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया है। पुलिस ने प्रदेशभर में सपा नेताओं को घर में ही नजरबंद कर दिया है। बदायूं में किसान यात्रा में शामिल होने आ रहे सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव को पुलिस ने बितरोई पर रोककर शेखूपुर चीनी मिल गेस्ट हाउस ले जाकर नजरबंद कर दिया है। सीतापुर में जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव के साथ प्रदर्शन कर रहे सपाइयों को पुलिस ने खदेड़ा। जगह.जगह हो रहे प्रदर्शन को पुलिस ने सख्ती से रोका।

किसान आंदोलन के समर्थन में रैली और पदयात्रा निकालने की कोशिश कर रहे सपा के कई मंत्रियों समेत सैकड़ों नेताओं.कार्यकर्ताओं को सोमवार की सुबह पूर्वांचल के अलग अलग जिलों में नजरबंद कर दिया गया है। वाराणसी में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, मिर्जापुर में पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया, आजमगढ़ में पूर्व मंत्री दुर्गा यादव आदि को नजरबंद या हिरासत में रखा गया है। कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन और थानों पर लाकर बैठाया गया है। सपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे हेमराज वर्मा को पुलिस ने उनके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूर्व मंत्री को न्यूरिया थाने ले जाया गया। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष की नुमाइंदगी में सपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर ही धरने पर बैठे। सभी को पुलिस की नजरबंदी में रखा गया है।

देश और दुनिया की तमाम ख़बरों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल  अपनी पत्रिका टीवी  (APTV Bharat) सब्सक्राइब करे।