अन्य

Agra News : वर्दी के रॉब में कुछ भी करने वाले पुलिस वाले जरा इस दरोगा भी देख लें 

By अपनी पत्रिका

September 19, 2023

अपनी पत्रिका ब्यूरो 

Agra : जो लोग सत्ता के नशे में मदहोश होकर कुछ भी करने की सोचते हों, जो लोग किसी विभाग में अधिकारी होकर कुछ भी करने की हिमाकत करते हैं जो लोग अपने हाथ में पावर आने पर किसी को कुछ नहीं समझते हैं, जो प्रभावशाली लोग आम आदमी को कमजोर समझते हैं। वे लोग जरा आगरा में उस दरोगा की दुर्दशा देख लें जिसने वर्दी के रोब में एक घर में घुसकर एक लड़की को छेड़ दिया। जी हां उत्तर प्रदेश के आगरा पुलिस के एक दरोगा को एक लड़की से छेड़छाड़ करना बहुत भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने दरोगा को छेड़छाड़ करते हुए रंगेहाथ पकड़ न केवल जमकर धुनाई की बल्कि एक पेड़ से बांधकर उसे बंधक भी बना लिया। मामले को लेकर ग्रामीण इतने आक्रोशित थे कि दरोगा को अर्धनग्न अवस्था में  ही एक खंबे से बांध दिया। दरोगा की पिटाई का यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है।  हालांकि आगरा पुलिस कमिश्नर ने आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया है। पूरा मामला आगरा के बरहन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। दरअसल थाना बरहन क्षेत्र के गांव तिहैया में रविवार देर रात करीब 11 बजे थाना बरहन पर तैनात दरोगा संदीप कुमार गांव तिहेया निवासी एक ग्रामीण के घर में कूद गया। नशे की हालत में दरोगा ने घर में मौजूद लड़की से छेड़खानी शुरू कर दी और उसके कपड़े फाड़ डाले। लड़की के शोर मचाने पर परिजन जाग गए और अर्धनग्न दरोगा की करतूत देखकर उसे दबोच लिया। इस दौरान गांव के लोग भी जुट गए।

ग्रामीणों ने दरोगा की पिटाई करते हुए घर के समीप एक खंभे से बांध दिया। खंभे से बांधकर ग्रामीणों ने दरोगा को जमकर धुना। इस दौरान घटनाक्रम का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। किसी तरह से दरोगा को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया। पुलिस कमिश्नर डा. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी दरोगा संदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। विभागीय कार्रवाई भी होगी।