Saturday, April 20, 2024
Homeअपराधयुवक की हत्या के विरोध में शव रखकर किया हंगामा

युवक की हत्या के विरोध में शव रखकर किया हंगामा

पत्रिका संवाददाता, आदर्श नगर। युवक की हत्या को लेकर गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास शव के साथ लोगों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने जहां डीटीसी की बसों में तोड़फोड़ की, वहीं मेट्रो स्टेशन के अंदर घुसने की कोशिश भी की। इससे एक घंटे से अधिक समय तक आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार को बंद कर देना पड़ा। ऐसे में मेट्रो यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
हंगामे के कारण आजादपुर के पास मुख्य सड़क पर भी जाम लग गया। हंगामा कर रहे लोगों ने पुलिस पर भी पथराव किया। इसमें आदर्श नगर थाने के एसएचओ घायल हो गए, वहीं तीन-चार पुलिसकर्मियों को चोटें भी लगी हैं। स्थिति की नजाकत को देखते मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर बल प्रयोग कर लोगों को तितर-बितर किया। इस मामले में आदर्श नगर थाना पुलिस ने सरकारी कामकाज में बाधा डालने व हंगामा करने आदि के आरोपों में मामला दर्ज कर लिया है।

17 Sept. Adersh Nagar Hungama.. 001_0001
पुलिस के अनुसार संजय पहलवान परिवार सहित जहांगीरपुरी में रहता था। मंगलवार शाम को वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह उसका शव महेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र में पड़ा मिला था। उसके शरीर पर गोली के दो निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेज दिया। गुरुवार सुबह पुलिस ने अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वे अस्पताल से शव को लेकर सीधे आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन पर पहुंचे। वहां शव को रखकर इन लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उधर, पुलिस को जब प्रदर्शन की सूचना मिली तो उसने सड़क खाली कराने के लिए प्रयास किया। इससे प्रदर्शन कर रहे लोग नाराज हो गए। उन्होंने जमकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

9_17_2015 11_38 AM_0002

इस दौरान डेढ़ घंटे तक आदर्श नगर एवं उसके आसपास जाम की समस्या रही। आजादपुर से करनाल बाईपास रोड तक लोग जाम में फंसे रहे। जाम हटाने के लिए पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। दोपहर 12 बजे तक यातायात सामान्य हुआ।
पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में किसी बात पर हुई कहासुनी के चलते संजय की हत्या होने की आशंका है। संजय के खिलाफ एक साल पहले लूट का मामला भी महेंद्रा पार्क थाने में दर्ज था। हत्या के आरोपियों की पहचान कर ली गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments