देश

राहुल हुए 45 साल के, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

By अपनी पत्रिका

June 19, 2015

नई दिल्ली।  कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज 45 साल के हो गए। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके आवास के बाहर पटाखे चलाकर और फूल बरसाकर पूरे उत्साह के साथ उनका जन्मदिन मनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं जिस पर उन्होंने उनका शुक्रिया अदा किया। राहुल की मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी उनके 12, तुगलक लेन स्थित आवास पर पहुंचीं। आवास के बाहर जगदीश शर्मा के नेतृत्व में वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर केक काटे और राहुल के नेतृत्व की तारीफ की। बड़ी संख्या में पार्टी की महिला कार्यकर्ता भी उनके घर के बाहर मौजूद थीं। बाद में राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से भेंट की। बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता भी राहुल को शुभकामनाएं देने के लिए वहां आए थे। पार्टी कार्यकर्ता 45 किलोग्राम का एक जन्मदिन केक भी लाये थे। यह पहली बार है जब कई साल बाद राहुल अपने जन्म दिन के मौके पर राष्ट्रीय राजधानी में हैं। इसलिए इस बार बड़े स्तर पर जन्मदिन मनाने की तैयारियां हैं। जन्मदिन मनाने का यह मौका ऐसे समय में आया है जब ऐसी अटकलें हैं कि राहुल बड़ी भूमिका में आ सकते हैं और अपनी मां के स्थान पर पार्टी अध्यक्ष बन सकते हैं।