प्रदेश

मोदी का झारखंड को नंबर 1 बनाने का वायदा

By अपनी पत्रिका

November 29, 2014

जमशेदपुर । झारखंड को देश में नंबर-1 राज्य बनाने का वायदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि सरकार खनिज संपदा के सभी लुटेरों पर नकेल कसेगी तथा अगले कुछ वर्षों में राज्य को 20,000 करोड़़ रुपये का लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में चल रहा विधानसभा चुनाव खनिज प्रधान राज्य का भविष्य तय करेगा और झारखंड के लोग इसे साधारण चुनाव के रूप में नहीं लें। मोदी ने झारखंड की तुलना 13-14 साल आयु समूह के ऐसे बच्चों से की जिनका विकास धीमी गति से होता है, लेकिन जो इसके बाद 18 साल की उम्र के बीच तेजी से परिपक्व होते हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड ऐसे चरण में प्रवेश कर चुका है जहां यह तेजी से बढ़ेगा। मोदी ने भाजपा के सत्ता में आने पर राज्य की प्रगति में मदद करने तथा इसे देश का नंबर-1 राज्य बनाने का वायदा किया। प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा, ‘‘यदि आप बहुमत की सरकार के लिए मतदान करेंगे तो चुनाव राज्य का भाग्य तय करेगा और विकास के मार्ग पर बढ़ने में इसकी मदद करेगा।’’

मोदी ने कहा, ‘‘झारखंड में खनिज का भंडार होने के कारण इसके पास पर्याप्त बिजली है और यह देश का नेतृत्व कर सकता है, लेकिन 14 साल पहले इसके गठन के समय से ही दुर्भाग्य से राज्य को लूटा गया है।’’ राजग सरकार द्वारा बनाई गई कोयला नीति को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह ‘‘खनिज लूटने वालों की नकेल कसेगी और अगले कुछ सालों में इससे राज्य को 20,000 करोड़़ रुपये का लाभ होगा।’’ मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह संसदीय चुनाव में हार के बावजूद नहीं सुधर रही है।

उन्होंने कहा कि देश के लोग कांग्रेस को वोट क्यों दें जब वह बदलने को ही तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत का विश्व में सम्मान हो रहा है क्योंकि इसके पास अब एक मजबूत एवं स्थिर सरकार है। उन्होंने लोगों से कहा कि वे झारखंड में भाजपा नीत बहुमत की सरकार के लिए वोट दें। मोदी ने यहां चुनाव सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश वंशवादी शासन को खारिज कर चुका है और उसने पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा को सत्ता में भेजा।