अन्य

मुलायम बर्थडेः कंबल बांटने में भगदड़ मची, एक की मौत

By अपनी पत्रिका

November 22, 2014

बदायूं  ।   उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के बिसौली में समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में कम्बल वितरण के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई तथा एक व्यक्ति जख्मी हो गया। एसपी (रूरल) बालेन्दु भूषण सिंह ने बताया कि बिसौली कोतवाली क्षेत्र स्थित मदनलाल इंटर कॉलेज प्रांगण में प्रमुख मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन मनाया जा रहा था। एसपी विधायक आशुतोष मौर्या ने यह कार्यक्रम आयोजित किया था। कार्यक्रम में मुलायम के भतीजे और बदायूं से सांसद धर्मेन्द्र भी मौजूद थे।उन्होंने बताया कि केक काटे जाने के बाद पांच हजार लोगों को कम्बल बांटने का कार्यक्रम था। कम्बल वितरण शुरु होते ही सांसद तथा अन्य नेता वहां से रवाना हो गये। उनके जाते ही कम्बल को लेकर लोगों में छीना-झपटी शुरु हो गयी और बेकाबू भीड़ कम्बलों पर टूट पडी। सिंह ने बताया कि इस दौरान भगदड़ मच गई जिसमें शरबती देवी (52) गिरकर घायल हो गईं। उन्हें बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिंह ने बताया कि दुर्घटना में भगवान दास नामक व्यक्ति घायल भी हो गया। उसका इलाज किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।