Thursday, April 25, 2024
Homeअन्यगतिमान एक्सप्रेस को आज मिली हरी झंडी

गतिमान एक्सप्रेस को आज मिली हरी झंडी

दिल्ली से आगरा जाने वाली भारत की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस ने आज अपना पहला सफर पूरा कर लिया है। दिल्ली से आगरा तक की 200 किलोमीटर की दूरी इस ट्रेन ने 100 मिनट में पूरी की। यानी, यह शताब्दी एक्सप्रेस से बस 7 मिनट तेज रही।
इसके यात्रियों को न केवल उनकी सीटों पर ट्रेन होस्टेस की सेवाएं और गुलाब के फूल दिये गए बल्कि उन्हें फिल्मों, समाचार और कार्टून जैसी मल्टीमीडिया सामग्री की भी नि:शुल्क सेवा मिली।
निजामुद्दीन-आगरा गतिमान एक्सप्रेस को आज रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने निजामुद्दीन स्टेशन से हरी झंडी दिखाई।
ताज के शहर का दीदार करने जाने वाले पर्यटकों को आकर्षित करने वाली यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी और 100 मिनट में 200 किलोमीटर की दूरी तय करी।
सूत्रों के अनुसार यात्रियों को ऐप डाउनलोड करना होगा और वे नि:शुल्क सेवा का लाभ उठा सकते हैं। इस दौरान उन्हें सीमित अवधि के विज्ञापन भी दिखाए जाएंगे।
गतिमान एक्सप्रेस का किराया शताब्दी एक्सप्रेस से 25 प्रतिशत अधिक तो है परन्तु ऐसा  होने से खानपान की सेवाएं भी बेहतर होंगी। इसमें यात्रियों को उपमा, मिनी दोसा, कांजीवरम इडली, ताजे कटे हुए फल, आलू कुलचा, स्विस रोल, भुने हुए सूखे मेवे और चिकन रोल दिये गए।

12050 निजामुद्दीन-आगरा-निजामुद्दीन गतिमान एक्सप्रेस दोनों ओर से सप्ताह में छह दिन चलेगी और केवल शुक्रवार को नहीं चलेगी। निजामुद्दीन से यह सुबह 8:10 बजे रवाना होगी और 9:50 बजे आगरा पहुंचेगी। लौटते समय यह आगरा से शाम 5:50 बजे चलेगी और 7:30 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी।
आई.आर.सी.टी.सी ने पर्यटन के लिहाज से ट्रेन के साथ बस सेवा, दर्शनीय स्थलों को दिखाने और भोजन की सुविधा के साथ पैकेज भी तय किया है।
ट्रेन में दो एक्जिक्यूटिव वातानुकूलित चेयर कार और आठ सामान्य एसी चेयर कार होंगी। इसका किराया 690 रुपये तय किया गया है। एक्जिक्यूटिव श्रेणी के लिए यह किराया 1365 रुपये होगा।
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments