प्रदेश

केरल में पार्टी को सत्ता में लाना है: अमित शाह

By अपनी पत्रिका

December 19, 2014

पलक्कड़  भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केरल में पार्टी कार्यकर्ताओं का आज आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के पक्ष में अनुकूल राजनीतिक माहौल का उपयोग करते हुए राज्य विधानसभा में पार्टी का खाता खोलने की बजाय राज्य की सत्ता कब्जाने के उद्देश्य से कार्य करें। शाह ने यहां भाजपा के विशाल सदस्यता अभियान का उद्घाटन करते हुए कहा कि भाजपा को राष्ट्रीय परिस्थितियों का इस्तेमाल करते हुए राज्य में कांग्रेस और माकपा नीत राजनीतिक ढांचे को बदलना चाहिए। शाह ने कहा, ‘‘उद्देश्य राज्य में केवल खाता खोलने नहीं बल्कि सत्ता में काबिज होने का रहना चाहिए।’’ शाह का भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद राज्य का यह दूसरा दौरा था। यह दौरा इस मायने में महत्वपूर्ण है कि स्थानीय निकायों का चुनाव अगले वर्ष और राज्य विधानसभा का चुनाव 2016 में होना है। उन्होंने इस दौरान प्रदेश पार्टी नेताओं की बैठक को भी संबोधित किया। इस बैठक में निर्णय किया गया है कि पार्टी की सदस्यता को मजबूती प्रदान करने के लिए 100 दिन की कार्ययोजना होगी जिस दौरान राज्य के सभी गावों में काडर बनाये जाएंगे। पार्टी का लक्ष्य 45 लाख पार्टी सदस्य बनाने का है। इस बैठक में भाजपा महासचिव एवं केरल मामलों के प्रभारी ए राजा, प्रदेश अध्यक्ष वी मुरलीधरन और पार्टी के अन्य प्रदेश नेता शामिल हुए।