प्रदेश

अंगीठी के धुएं से दम घुटने से 4 बच्चों की मौत

By अपनी पत्रिका

December 21, 2014

बिजनौर। ठंड के कारण जलायी गयी अंगीठी के धुएं से दम घुटने से एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत हो गयी तथा उनके माता-पिता समेत तीन लोग बेहोश हो गये। यह घटना उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश्वर बिलतोरिया ने आज यहां बताया कि नगीना थाना क्षेत्र के काजी सराय इलाके में रिक्शा चलाने वाले अब्बास नामक व्यक्ति के घर के एक कमरे में रात में सर्दी से बचने के लिये अंगीठी जलायी गयी थी। इसी बीच घर के सभी सदस्य सो गये। उन्होंने बताया कि आज सुबह जब अब्बास के घर का दरवाजा देर तक नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया लेकिन तब तक अंगीठी के धुएं से दम घुटने के कारण अब्बास के बच्चों- सादिया, आदिया, आशिया तथा फैज की मौत हो चुकी थी। बिलतोरिया ने बताया कि अब्बास, उसकी पत्नी शहाना और बेटे सादिक को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गम्भीर बतायी जाती है। पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है।